रायगढ़ जिला पंचायत चुनाव के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में खरसिया से भाजपा समर्थित शिखा रविंद्र गबेल को निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुन लिया गया है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए लैलूंगा से दीपक सिदार को निर्विरोध चुना गया है। जिला पंचायत चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 18 में से 16 सदस्य भाजपा के थे। ऐसे में तय था कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भाजपा से ही होंगे।
सोमवार को पर्यवेक्षक सियाराम साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा हुई थी। तीन-तीन नाम के पैनल में अध्यक्ष के लिए शिखा रविन्द्र गबेल और उपाध्यक्ष के लिए दीपक सिदार पर सहमति बन गई थी।
लैलूंगा और खरसिया विधानसभा भाजपा के लिए कमजोर साबित हुई थी। विधानसभा चुनाव में लैलूंगा पिछले दो बार से और खरसिया में कई दशकों से भाजपा पिछड़ी हुई है। इन जगहों पर नए और सक्षम नेतृत्व की तलाश और जमीनी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए भाजपा ने इस बार इन जगहों से जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति की रणनीति को अपनाया है।